लोगों की राय

शब्द का अर्थ खोजें

शब्द का अर्थ

लगाना  : स० [हिं० लगना का स०] १. एक पदार्थ के तल या पार्श्व को दूसरे पदार्थ के तल या पार्श्व के पास इस प्रकार पहुँचाना कि वह आंशिक या पूर्ण रूप से उसके साथ मिल या सट जाय। संलग्न करना। सटाना। जैसे—पुस्तक पर जिल्द या दीवार पर कागज लगाना। २. एक चीज को दूसरी चीज पर जोडऩा, टाँकना, बैठाना या रखना। जैसे—(क) तस्वीर पर या दरवाजे पर शीशा लगाना। (ख) टोपी या पगड़ी कलंगी लगाना। (ग) घड़ी में नया पुरजा या नई सूई लगाना। ३. कोई चीज ठीक तरह से काम में लाने के लिए उसे यथास्थान खड़ा या स्थित करना। जैसे—(क) जहाज या नाव में पाल लगाना। (ख) दरवाजे के आगे परदा लगाना। ४. किसी तल पर कोई गाढ़ा तरल पदार्थ, पोतना या फेरना या मलना। लेप करना। जैसे—(क) खिड़कियों या दरवाजों में रंग लगाना। (ख) पैरों या हाथों में मेंहदी लगाना। (ग) शरीर के किसी अंग में तेल या दवा लगाना। (घ) जूते पर पालिश लगाना। ५. किसी रूप में कोई चीज किसी के पीछे या साथ सम्मिलित करना। जैसे—पुस्तक में कोई अनुक्रमणिका या परिशिष्ट लगाना। ६. किसी व्यक्ति का भेद लेने या उससे कोई उद्देश्य सिद्ध कराने के लिए किसी को उसके पीछे या साथ नियुक्त करना। जैसे—क) किसी के पीछे जासूस लगाना। (ख) किसी से कोई काम कराने लिए उसके पीछे आदमी लगाना। ७. कोई अनिष्ट या कष्टदायक तत्त्व या बात किसी के साथ संबद्ध या संलग्न करना। जैसे—(क) किसी के पीछे कोई आफत या मुकदमा लगाना। (ख) किसी को कोई बुरी आदत या व्यसन लगाना। ८. आवरण, निरोधन आदि के रूप में काम में आनेवाली चीज इस प्रकार यथा स्थान बैठाना कि उससे रुकावट हो सके। जैसे—(क) कमरे के किवाड़ या दरवाजे लगाना अर्थात् कमरा बन्द करना। (ख) डिबिया या संदूक का ढक्कन लगाना अर्थात् डिबिया का संदूक बन्द करना। ९. किसी काम, चीज या बात या व्यक्त को ऐसे स्थान या स्थिति में पहुँचाना या लाना कि उसका ठीक, उपयोग सार्थकता या सिद्धि हो सके। जैसे—(क) नाव किनारे पर या पार लगाना। (ख) मनीआर्डर या रजिस्ट्री लगाना। (ग) किसी आदमी को काम या नौकरी पर लगाना। १॰. चीज (या चीजें) ऐसे क्रम से या रूप में रखना कि नियमित रूप से उसका यथोचित्त उपयोग हो सके। जैसे—(क) आलमारी में किताबें या फर्श पर गद्दी-तकिया लगाना। (ख) पंगत के आगे पत्तल लगाना। (ग) दूकान या बिस्तर लगाना। ११. किसी पदार्थ का उपभोग करने के लिए उसे ठीक स्थान पर रखना। जैसे—(क) सिर पर टोपी या पगड़ी लगाना। (ख) सहारे के लिए पीठ के पीछे या हाथ के नीचे तकिया लगाना। १२. कोई चीज या उसके उपकरण किसी विशिष्ट क्रम या विधान से यथा स्थान स्थित करना जैसे—(क) पुस्तकों का क्रम लगाना। (ख) बीड़ा लगाने के लिए पान लगाना, अर्थात् पान पर कत्था, चूना आदि रखकर उसे मोड़ना। १३. किसी चीज का उपयोग करते हुए उसका व्यय करना। जैसे—(क) ब्याह शादी में रुपये लगाना। (ख) काम में समय लगाना। (ग) काम करने में देर लगाना, अर्थात् अधिक समय व्यय करना। १४. किसी को किसी कर्तव्य, कार्य, पद आदि पर नियुक्त या नियोजित करना। मुकरर करना। जैसे—(क) किसी जगह पर पहरा लगाना। (ख) किसी को काम या नौकरी पर लगाना। १५. आघात या प्रहार करने के लिए अस्त्र, शस्त्र आदि उद्दिष्ट स्थान पर पहुँचाना। जैसे—(क) किसी को थप्पड़ या मुक्का लगाना। (ख) किसी पर गोली का निशाना लगाना। (ग) किसी चीज पर दाँत या नाखून लगाना। १६. कोई कार्य पूरा करने के लिए किसी प्रकार के उपकरण या साधन का उपयोग या प्रयोग करना। जैसे—(क) कमरा बन्द करने के लिए किवाड़ कुंडी या सिटकिनी लगाना। (ख) दरवाजे में ताला या ताले में ताली लगाना। १७. किसी की कोई झूठी-सच्ची निन्दा की बात किसी दूसरे से जाकर कहना। कान भरना। जैसे—इधर की बात उधर लगाना। पद—लगाना-बुझाना=आपस में लोगों को लडाना या फिर समझा बुझा कर शांत करना। १८. किसी प्रकार का कार्य या व्यवहार आरंभ करना। जैसे—(क) किसी को किसी बात की आदत या चसका लगाना। (ग) भाई भाई में झगड़ा लगाना। मुहावरा—(किसी को) मुँह लगाना=किसी के साथ इतनी नरमी या रियायत का व्यवहार करना कि वह अशालीनता की उद्दंतापूर्ण या दृष्टता की बातें और व्यवहार करने लगे। जैसे—नौकरों को बहुत मुँह लगाना ठीक नहीं है। १९. किसी विषय में या व्यक्ति पर किसी चीज या बात का आरोप करना। जैसे—(क) किसी पर अभियोग या दोष लगाना। (ख) किसी विषय में कोई धारा या नियम लगाना। (ग) स्वयं काम बिगाड़कर दूसरे का नाम लगाना। २॰. किसी प्रकार की शारीरिक अनुभूति कराना या अपेक्षा उत्पन्न करना। जैसे—किसी दवा का प्यास या भूख लगाना। २१. मानसिक वृत्ति को किसी ओर ठीक तरह से प्रवृत्त करना। जैसे—(क) किसी काम या बात में मन लगाना। (ख) पूजन या भजन में ध्यान लगाना। (ग) आसन या समाधि लगाना। २२. किसी काम या बात को क्रियात्मक रूप देना। घटित करना। जैसे—(क) कपडों या किताबों का ढेर लगाना। (ख) किसी का दाह-कर्म करने के लिए चिता लगाना अथवा चिता में आग लगाना। (ग) देर, बाजी या शर्त लगाना। (घ) नैवेद्य या भोग लगाना। २३. किसी पद, वाक्य या शब्द का अर्थ या आशय समझकर स्थिर करना। जैसे—(क) चौपाई या श्लोक का अर्थ लगाना। (ख) किसी की बातों का कुछ का कुछ अर्थ लगाना। २४. गणित की कोई क्रिया ठीक तरह से पूरी या सम्पन्न करना। जैसे—जोड़, बाकी या हिसाब लगाना। २५. किसी पर कोई दायित्व या देन नियत या स्थिर करना जैसे—(क) कर या जुरमाना लगाना। (ख) किसी के जिम्मे कर्ज या देन लगाना। २६. यान या सवारी किसी स्थान पर टिकाना, ठहराना या रोकना। जैसे—बंदरगाह में जहाज लगाना। २७. पेड़, पौधे बीज आदि भूमि में इस प्रकार स्थापित करना कि वे जम या लगकर बढ़े और फूले-फलें। जैसे—बगीचे में आम या गुलाब लगाना। २८. गौएँ, भैसें आदि दुहना। जैसे—यही ग्वाला मुहल्ले भर की गौएँ लगाता है। २९. कोई चीज देखकर लेने के लिए उसका दाम या भाव कहना या निश्चित करना। मूल्यांकन करना। जैसे—मैने तो उस मकान का दाम दस हजार लगाया है। ३॰. यंत्रों आदि के संबंध में कल-पुरजे ठीक तरह से चारा काटने या रूई धुनने की मशीन लगाना। ३१. किसी प्रकार से बैठाकर उन्हें काम करने के योग्य बनाना। जैसे—आटा पीसने, काम में प्रवृत्त या रत करना। जैसे—सामान ढोने के लिए मजदूर लगाना। ३२. ऐसा कार्य करना जिसमें बहुत से लोग एकत्र या सम्मिलित हों। जैसे—तुम तो जहाँ जाते हो वहाँ भीड़ (या मेला) लगा देते हो। ३३. किसी के साथ किसी प्रकार का संबंध स्थापित करना। जैसे—(क) किसी से दोस्ती लगाना। (ख) किसी के साथ कोई रिश्ता लगाना। मुहावरा—किसी को लगा कर कुछ कहना या गाली देना=बीच में किसी का संबंध स्थापित करके किसी प्रकार का आरोप करना। जैसे—किसी की माँ-बहन को लगाकर कुछ कहना बहुत बड़ी नीचता है। ३४. शरीर का कोई अंग ऐसी स्थिति में लाना कि वह अपना काम ठीक तरह से कर सके। जैसे—काम में हाथ लगाना।
समानार्थी शब्द-  उपलब्ध नहीं
 
लौटें            मुख पृष्ठ
 

A PHP Error was encountered

Severity: Notice

Message: Undefined index: mxx

Filename: partials/footer.php

Line Number: 7

hellothai